तस्करी के आरोप में भारतीय मूल 2 महिलाएं कराची में बंदी
मलेशिया के समाचार पत्र 'न्यू स्ट्रेट्स टाइम्स' ने खबर दी है कि तस्करी के अरोप में कुल पांच मलेशियाई महिलाओं को गिरफ्तार किया गया था जिनमें दो भारतीय मूल की थीं। इनमें से एक सिती एशां हामिद (44 वर्ष) को पिछले महीने छोड़ दिया गया और वह मंगलवार को मलेशिया पहुंच गई।
सिती ने रानी नाम की भारतीय मूल की एक महिला के बारे में बताया। रानी को साढ़े तीन साल कैद की सजा सुनाई गई है। उस पर 150,000 पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है और यह न देने पर उसे छह महीने और जेल में बिताने होंगे। रानी तलाकशुदा है और चार बच्चों की मां है। सिती को हिरासत में लिए जाने के एक सप्ताह बाद रानी की गिरफ्तारी हुई थी।
सिती ने अखबार को बताया, "रानी को मदद की जरूरत है। उसकी गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में मलेशिया के वाणिज्य दूत ने उसके माता-पिता से संपर्क साधने की कोशिश की लेकिन असफल रहा।"
सिती ने कराची जेल में बंद अन्य महिलाओं के नाम नहीं बताए। उसका कहना है कि उनमें से दो मलेशियाई हैं और एक भारतीय मूल की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।