मध्य प्रदेश में पुलिस मुठभेड़ में लुटेरा ढेर
धार, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के धार जिले में लुटेरों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक लुटेरा मारा गया। उसकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है।
पुलिस के मुताबिक झाबुआ और धार के बीच पड़ने वाले मछलिया घाट से बुधवार देर रात गुजर रहे वाहनों पर लुटेरों ने धावा बोल दिया।
सरदारपुर थाने से मिली जानकारी के मुताबिक लुटेरों ने एक ट्रक पर लदा माल लूट लिया और जब उन्होंने अन्य ट्रक पर धावा बोला तभी पुलिस की नजर उन पर पड़ गई। इसके बाद 20 से अधिक लुटेरों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक लुटेरा मारा गया जबकि उसके साथी फरार हो गए।
थाना प्रभारी ऐश्वर्य शास्त्री का कहना है कि मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। अन्य लुटेरों की तलाश जारी है। रात के समय मछलिया घाट में वाहनों को पुलिस सुरक्षा में गुजारा जाता है। इस घाट में लूटपाट की घटनाओं के मद्देनजर सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहते हैं।
इंडो-एषियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications