वरुण को प्रचार करने से रोकने की साजिश कर रही माया सरकार : वेंकैया (लीड-1)
एटा जेल में बंद वरुण से मिलने के बाद गुरुवार को वेंकैया ने जेल के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सरकार वरुण को इस चुनाव प्रचार से दूर रखना चाहती है। इसी साजिश के तहत राज्य सरकार ने वरुण पर रासुका लगाया है।
वरुण से मिलने गए नेताओं में वेंकैया के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्रा और प्रदेश अध्यक्ष रमापतिराम त्रिपाठी भी थे। इन नेताओं के एटा जेल पहुंचते ही भाजपा और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने वरुण के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने वरुण को जल्द से जल्द जेल से रिहा करने की मांग की।
पार्टी प्रदेश इकाई के प्रवक्ता एच. एन. दीक्षित के मुताबिक वरुण से मुलाकात के बाद पार्टी आगे की रणनीति पर विचार करेगी। सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेताओं ने वरुण से करीब 45 मिनट तक बातचीत की।
भाजपा नेताओं के एटा आगमन के कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। एटा जिला पुलिस प्रमुख सतेंद्र वीर सिंह ने आईएएनएस को बताया कि भाजपा के नेताओं के आगमन व विहिप के एटा बंद के मद्देनजर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), त्वरित कार्रवाई बल (आरएएफ) और पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया था।
वरुण पर राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाए जाने के विरोध में विहिप ने गुरुवार को एटा बंद का एलान किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications