भड़काऊ भाषण पर बसपा विधायक के खिलाफ मामला दर्ज
बागपत जिले के दोघट थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि बसपा विधायक पर बुधवार देर रात भड़काऊ भाषण देने के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धारा 506 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि जनसभा की वीडियो रिकार्डिंग देखने के बाद मामला दर्ज करने की कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक जिले के टीकरी में एक जनसभा में मंगलवार को गुड्ड पंडित ने कहा था कि जो भी उनके भाई मुकेश शर्मा की जीत में रोड़ा बनेगा उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। उन्होंने धमकी दी कि सत्ता की चाबी अब उनके पास है और वह सत्तारूढ़ दल के विधायक हैं। अगर चुनाव में किसी ने गड़बड़ करने की कोशिश की तो वह बचेगा नहीं।
उधर, गुड्डू पंडित के भड़काऊ भाषण का संज्ञान लेते हुए राज्य चुनाव आयोग ने बागपत जिला प्रशासन को तलब कर इस पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी है।
दबंगई के चलते बीएसपी विधायक गुड्डू पंडित पहले भी चर्चा में रहे हैं। गुड्डू पंडित बुलंदशहर जिले की डिबाई विधानसभा सीट से विधायक हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह को 2007 में उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में हराया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications