क्राई ने छह लोगों को दी फेलोशिप
नई दिल्ली। बच्चों के अधिकारों के लिए काम करने वाली देश की प्रमुख संस्था 'चाइल्ड राइट्स एंड यू' (क्राई) ने वर्ष 2009 के लिए 'नेशनल चाइल्ड राइट्स रिसर्च फेलोशिप' की घोषणा की है। इस फेलोशिप के लिए छह लोगों को चुना गया है।
क्राई के अनुसार इस साल फेलोशिप के लिए समाज के हर वर्ग के लोगों को मौका मिला है। देश के 22 राज्यों व एक केंद्र शासित राज्य से कुल 178 आवेदन प्राप्त हुए थे। अच्छी बात यह रही कि इस बार शिक्षा, मीडिया और विकास के क्षेत्र से जुड़े लोगों ने समान रूप से इस फेलोशिप के प्रति रुचि दिखाई।
जिन लोगों को फेलोशिप के लिए चुना गया है उनमें अजय पंडित, हेम बोरकर, इप्शिता पाल, मधुलिका नागेश, रोमा डे, शंपा सेनगुप्ता के नाम शामिल हैं।
इस वर्ष की चयन प्रक्रिया पर टिप्पणी करते हुए क्राई की ट्रस्टी रजनी बक्शी ने कहा, "मूल बात यह कि इस फेलोशिप के लिए पूरे देश से आवेदन आए। कुछ मामले जानकारी के नए क्षेत्रों में प्रवेश कर रहे हैं, जो कि बहुत ही मर्मस्पर्शी है।
उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि यह बचपन के बारे में जानने की ज्यादा गहरी और व्यापक रुचि का संकेत है। यह सरकारी नीतियों और सामाजिक संगठनों को इस बारे में बेहतर समझ पैदा करने में भी मदद करेगा। ताकि जीवन के सभी क्षेत्रों में बाल अधिकारों को सुरक्षित किया जा सके।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications