पाकिस्तान आतंकवाद की धुरी: मनमोहन

भारतीय प्रधानमंत्री ने एक ब्रितानी अख़बार से बातचीत में कहा है कि पाकिस्तान आतंकवाद की धुरी है और उसने भारत से किए वादे पूरे नहीं किए.
ब्रितानी अख़बार फ़ाइनेंशियल टाइम्स से साक्षात्कार में मनमोहन सिंह ने कहा है कि पाकिस्तान चरमपंथियों के ख़िलाफ़ कारगर क़दम उठाने में विफल रहा है. उनका कहना था, “पाकिस्तान या तो चरमपंथी गुट लश्करे-तैबा से निपटना नहीं चाहता या निपटने में सक्षम नहीं है."
भारत का आरोप है कि पिछले साल नवंबर में हुए मुंबई हमलों के पीछे लश्कर का हाथ था. इस हमले में 170 से ज़्यादा लोग मारे गए थे.
हमलों की योजना पाकिस्तानी धरती पर बनाई गई- विकसित देशों की ख़ुफ़ियाँ एजेंसियों समेत ये बात हर कोई मानता है. इससे साबित होता है कि 2004 के बाद से पाकिस्तान ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और मुझसे जो वादे किए थे कि उसकी धरती का इस्तेमाल भारत के ख़िलाफ़ आतंकवाद के लिए नहीं किया जाएगा, वो वादे पूरे नहीं किए हैं. मनमोहन सिंह
| |
मनमोहन सिंह ने कहा है, "हमलों की योजना पाकिस्तानी धरती पर बनाई गई- विकसित देशों की ख़ुफ़ियाँ एजेंसियों समेत ये बात हर कोई मानता है. इससे साबित होता है कि 2004 के बाद से पाकिस्तान ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और मुझसे जो वादे किए थे कि उसकी धरती का इस्तेमाल भारत के ख़िलाफ़ आतंकवाद के लिए नहीं किया जाएगा, वो वादे पूरे नहीं किए हैं."
भारतीय प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तानी सेना और आईएसआई के कुछ लोग आंतक की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं जिसमें अफ़ग़ानिस्तान में भारतीय दूतावास पर हमला शामिल है.
उनका कहना था कि विश्व नेताओं की ये ज़िम्मेदारी है कि पाकिस्तान अपने इस वादे को निभाए कि वहाँ की धरती का उपयोग भारत में आतंकवादी गतिविधियों के लिए नहीं किया जाएगा.
मनमोहन सिंह जी-20 सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए ब्रिटेन की राजधानी लंदन आए हुए हैं.


Click it and Unblock the Notifications