सिगरेट कंपनी देगी 73 करोड़ का हर्ज़ाना

अमरीका में एक महिला ने सिगरेट कंपनी के ख़िलाफ़ किया गया मुक़दमा जीत लिया है और उन्हें हर्ज़ाने के तौर पर मिलेंगे 73 करोड़ रुपए. मायोला विलियम्स के पति जेसी विलियम्स की मौत, फेफड़े के कैंसर के कारण हुई थी. जेसी की मौत के बाद ही मायोला ने ये केस किया था.
मायोला के पति जेसी ने सिगरेट पीना 1950 के दशक में शुरू किया था जब वो सेना में थे. जल्द ही जेसी ने दिन में तीन पैक सिगरेट पीना शुरू कर दिया. चार दशक बाद 1997 में जेसी की मौत हो गई. मौत के छह महीने पता चला कि जेसी को कैंसर था.
मायोला ने कोर्ट में दायर अपने मामले में कहा था कि अमरीका की फ़िलिप मॉरिस कंपनी ने तंबाखू से होने वाले नुकसान के बारे में पर्याप्त चेतावनी नहीं दी थी जो कि निंदनीय है.
अदालत ने फ़िलिप मॉरिस से कहा कि वो महिला को 8 करोड़ डॉलर का हर्ज़ाना भरे. लेकिन कंपनी ने अदालत में केस लड़ना जारी रखा. नतीजा ये है कि अब फ़िलिप मॉरिस को 40 करोड़ की जगह लगभग 73 करोड़ रुपए देने पड़ रहे हैं क्योंकि अब उस रक़म पर ब्याज़ भी कंपनी को देना पड़ेगा.
मायोला विलियम्स का कहना है कि इस 73 करोड़ रुपए की रक़म का एक बड़ा हिस्सा वो कल्याणकारी संस्थाओं को यानि चैरिटीज़ को दे देंगी. पूर्व में अमरीका की ओरेगांव की सुप्रीम कोर्ट ने मायोला के पक्ष में फ़ैसला दिया था लेकिन कंपनी ने इसे मानने की बजाय अमरीका की सुप्रीम कोर्ट में इसके ख़िलाफ़ अपील की थी. अब सुप्रीम कोर्ट ने भी मायोला के पक्ष में फ़ैसला दे दिया है.


Click it and Unblock the Notifications