अफगान-पाक रणनीति की सफलता को लेकर आश्वस्त है अमेरिका
वाशिंगटन, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जिम जोंस ने विश्वास जताया है कि देश की नई अफगानिस्तान-पाकिस्तान नीति सफल साबित होगी और इसके सहारे दोनों देशों में आतंकवादियों के सुरक्षित ठिकानों को सफलतापूर्वक नष्ट किया जा सकेगा।
जोंस ने नेशनल पब्लिक रेडियो (एनपीआर) को दिए एक साक्षात्कार में कहा, "हमारे लिए यह अत्यंत महत्वपूर्ण है कि हम आतंकवादियों के सुरक्षित ठिकानों को नष्ट कर सकें। मुझे पूरा यकीन है कि मौजूदा योजना के साथ हम ऐसा कर पाएंगे।"
यह पूछे जाने पर कि अफगानिस्तान की स्थितियों को अमेरिका किस हद तक प्रभावित कर सकता है? जोंस ने कहा कि एक संप्रभु राष्ट्र को खारिज करने का अधिकार है लेकिन हम कूटनीतिक स्तर पर प्रभाव डाल सकते हैं।
उन्होंने कहा कि बुश प्रशासन की नीति और हमारी नई रणनीति में प्रमुख अंतर यह है कि हम अफगानिस्तान और पाकिस्तान के लिए एक साझा नीति लागू कर रहे हैं।
इस बीच ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के प्रमुख एडमिरल माइक मुलेन ने मध्य एशिया के रक्षा प्रमुखों के एक सम्मेलन में कहा कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान के प्रति ओबामा की नई रणनीति उनकी मुख्य प्राथमिकता रहेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications