एयर डेक्कन के गोपीनाथ देंगे अनंत कुमार को चुनौती
बेंगलुरू, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। जी. आर. गोपीनाथ उड्डयन के बाद अब राजनीति के क्षेत्र में भी कदम रखने की तैयारी में हैं। एयर डेक्कन के प्रबंध निदेशक गोपीनाथ ने बेंगलुरू दक्षिण लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव अनंत कुमार को बतौर निर्दलीय चुनौती देने का फैसला किया है।
एक सैन्य अधिकारी से सफल उद्योगपति बनने वाले गोपीनाथ (54 वर्ष) का कहना है कि उन्होंने सभी चीजों का आकलन करने के बाद ही चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया।
गोपीनाथ ने आईएएनएस से कहा, "मैं लोगों की तरफ से मैदान में हूं। बेंगलुरू के सभी वर्गो के उत्सावर्धन और समर्थन के बाद ही मैंने चुनाव लड़ने का फैसला किया। मेरे उद्योग जगत के मित्रों और बेंगलुरू के युवाओं ने मुझसे चुनाव लड़ने के लिए कहा।"
उन्होंने कहा, "मैं जीतने के लिए और समाज में बदलाव के लिए लड़ रहा हूं। मैं किसी पार्टी के साथ नहीं हूं। मैं अच्छे प्रशासन और सद्भाव के लिए राजनीति में कदम रख रहा हूं।"
बायोकॉन की प्रमुख और उनकी मित्र किरण मजूमदार शॉ ने आईएएनएस से कहा, "गोपीनाथ हमेशा परिवर्तन लाते रहे हैं। मैं निश्चिंत हूं कि उनकी जीत से सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक क्षेत्रों में बदलाव आएगा। "
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications