मिजोरम की एकमात्र लोकसभा सीट के लिए चुनावी जंग शुरू
इस सीट पर 16 अप्रैल को मतदान होगा। यहां कांग्रेस के सी.एल.रुआला, एमएनएफ और एमपीसी समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी एच. लालुंगमुआना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के लालावंपुया छांग्टे और एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी रुआलपावला अपना चुनावी भाग्य आजमा रहे हैं।
राजनीतिक विश्लेषक एल.टी.सांगा ने आईएएनएस से कहा, "चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी कांग्रेस और एमएनएफ-एमपीसी समर्थित प्रत्याशी के बीच हो सकता है। वैसे पिछले विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने वाली कांग्रेस चुनावी दौर में सबसे आगे दिख रही है।"
कांग्रेस ने वर्ष 1996 के लोकसभा चुनाव में ईसाई बहुल इस सीट पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस के सिलवेरा सी ने एमएनएफ के प्रत्याशी को 14,481 मतों से पराजित किया था। पिछले लोकसभा चुनाव में एमएनएफ प्रत्याशी वानालाजवामा ने जीत दर्ज की थी। इस बार उन्होंने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है।
पिछले वर्ष के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 40 से से 32 सीटों पर जीत दर्ज की थी। मिजोरम की एकमात्र संसदीय क्षेत्र में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। जहां पुरुष मतदाताओं की संख्या 311,005 है वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 318,150 है।
मिजोरम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी लालमालस्वामा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के लिए कुल 800 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications