उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ मिलेंगे ओबामा और मनमोहन
लंदन, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा के बीच गुरुवार को होने वाली मुलाकात के दौरान दोनों ओर के महत्वपूर्ण अधिकारी मौजूद रहेंगे।
जी-20 शिखर सम्मेल के लिए प्रधानमंत्री के साथ यहां आए अधिकारियों ने बताया कि दोनों ही पक्ष इस बैठक को विशेष अहमियत दे रहे हैं। जनवरी में ओबामा के राष्ट्रपति पद ग्रहण करने के बाद भारत के प्रधानमंत्री से उनकी यह पहली भेंट हो रही है।
एक अधिकारी ने बताया, "इसके लिए काफी तैयारी की गई है।"
अमेरिका की ओर से इस बैठक में विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन, वित्त मंत्री टिमोथी गीथनर समेत छह व्यक्ति हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि भारत की ओर से इस मुलाकात के दौरान योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम.के. नारायणन और विदेश सचिव शिवशंकर मेनन मौजूद रहेंगे।
यात्रा से पहले मनमोहन सिंह ने कहा था कि वह ओबामा के साथ भेंट के दौरान विविध मसलों पर चर्चा करेंगे। यह बैठक 45 मिनट तक चलेगी।
उन्होंने कहा, "यह हमारी पहली भेंट होगी और यह हमारे लिए अपने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा करने तथा आतंकवाद, अफगानिस्तान की स्थिति, ऊर्जा सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन समेत क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मसलों पर चर्चा करने का अवसर भी होगा।"
प्रधानमंत्री यहां मुख्य रूप से जी-20 शिखर बैठक में हिस्सा लेने आए हैं जिसमें मौजूदा वैश्विक वित्तीय संकट से निपटने के उपायों पर विचार विमर्श किया जाएगा। इस यात्रा के दौरान मनमोहन सिंह ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गोर्डन ब्राउन से भी मुलाकात करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications