अमेरिका में 6 भारतीयों की हत्या के लिए घरेलू समस्याएं जिम्मेदार
वाशिंगटन, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत में छह भारतीयों की हत्या की वजह वित्तीय समस्याएं नहीं बल्कि घरेलू समस्याओं और निजी संबंधों को माना जा रहा है।
यह घटना रविवार रात कैलिफोर्निया के सांता क्लारा इलाके में घटी। कैलिफोर्निया पुलिस ने मंगलवार को संदिग्ध हमलावर समेत सभी मृतकों की पहचान कर ली। देवन कलाथत ऊर्फ राघवन देवरंजन (42 वर्ष) ने अपने परिवार के छह सदस्यों को गोली मार दी थी जिसमें पांच की मौत हो गई। देवरंजन ने बाद में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने गोलीबारी में जो महिला जीवित बची है, उसकी पहचान देवरंजन की 34 वर्षीय पत्नी के रूप में की है लेकिन उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया है। हालांकि संबंधियों ने महिला का नाम आभा देवरंजन बताया है।
पुलिस लेंफ्टिनेंट फिल कुक ने बताया कि देवरंजन ने पत्नी के अलावा अपने पुत्र अखिल देव (11 वर्ष) व पुत्री नेहा देव (4 वर्ष), उसका निकट संबंधी अशोक अप्पू पूथेमकंदी (35 वर्ष), अशोक की पत्नी सुचित्रा शिवरमन (25 वर्ष) और अशोक की पुत्री अहाना (11 वर्ष) को गोली मार दी।
कुक के अनुसार याहू कंपनी में बतौर आईटी पेशेवर काम करने वाले देवरंजन ने दो पिस्तौल से अपने ही परिवार के सदस्यों को गाली मारी। दोनों हथियार वैध ढंग से खरीदे गए थे।
पुलिस इन हत्याओं की असल वजहों के बारे छानबीन कर रही है। कुक का कहना है कि हत्याओं के पीछे कोई वित्तीय वजह नहीं लगती लेकिन इन हत्याओं के तार घरेलू समस्याओं व निजी संबंधों से जुड़े प्रतीत होते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications