पाकिस्तान आतंक का केंद्र : मनमोहन
गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से अपनी मुलाकात से पहले बुधवार को प्रकाशित एक साक्षात्कार में मनमोहन सिंह ने कहा, "हम सभी जानते हैं कि आज पाकिस्तान दुनिया में आतंकवाद की धुरी है। विश्व समुदाय को इस कठोर वास्तविकता को स्वीकार करने के लिए आगे आना चाहिए।"
उन्होंने समाचार पत्र फाइनेंसियल टाइम्स से कहा कि विकसित देशों की खुफिया एजेंसियों सहित अब हर किसी ने स्वीकार कर लिया है कि मुंबई पर हमले की साजिश पाकिस्तान की धरती पर बनी और वहीं से कार्यान्वित हुई।
मनमोहन सिंह ने कहा कि यह जिंदा सबूत है कि किस प्रकार पाकिस्तान ने वर्ष 2004 से उनके पूर्ववर्ती और उनके कार्यकाल में भारत के खिलाफ अपनी धरती का उपयोग आतंकवादी कार्यो में नहीं करने देने के वादे के बावजूद आतंक को नियंत्रित करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह विश्व समुदाय की जिम्मेदारी है कि भारत के खिलाफ आतंकवाद को प्रोत्साहन और निर्देशन नहीं देने के वादे को पाकिस्तान पूरा करे।
ओबामा की क्षेत्रीय सुरक्षा रणनीति के बारे में पूछे जाने पर प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने ओबामा की योजना को पढ़ा नहीं है लेकिन भारत चाहता है कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान दोनों आतंकवादी तत्वों से मुक्त हों।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications