पाक को अमेरिका से मिल सकती है 2.8 अरब डॉलर की सैनिक सहायता
एक रक्षा अधिकारी ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर समाचार चैनल 'फॉक्स न्यूज' को बताया कि इस अतिरिक्त राशि का उपयोग उपकरणों, प्रशिक्षण और आतंकवाद से लड़ाई के खिलाफ सीधे संबंधित ढांचे के निर्माण में किया जाएगा।
अमेरिका की सेंट्रल कमांड के प्रमुख जनरल डेविड पेट्रस ने अलग से चैनल को बताया कि यह धन 'पाकिस्तान की आतंकवाद निरोधी क्षमता कोष' के तहत उपलब्ध कराया जाएगा।
यह धन पांच वर्षो में उपलब्ध कराया जाएगा। वर्ष 2009 में 40 करोड़ डॉलर, 2010 में 70 करोड़ डॉलर और 2011 से 13 के बीच 57.5 करोड़ डॉलर की सहायता दी जाएगी।
एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से चैनल ने कहा कि यह धन ऐसे तरीके से खर्च किया जाएगा जिससे किसी अन्य देश खासकर भारत पर हमले की पाकिस्तान की क्षमता में वृद्धि न हो।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को अफगानिस्तान और पाकिस्तान पर अमेरिकी नीति की घोषणा करते हुए राष्ट्रपति बराक ओबामा ने कांग्रेस से हर वर्ष पाकिस्तान को आधारभूत ढांचे के निर्माण और संस्थाओं के संचालन के लिए 1.5 अरब डॉलर की सहायता को मंजूरी देने की बात कही थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications