वरुण की जान को खतरा नहीं : पुलिस (लीड-3)
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक विक्रम सिंह ने बुधवार को लखनऊ में संवाददाताओं से साफ किया कि भाजपा के युवा नेता वरुण गांधी की जान को किसी भी तरह का खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए उन्हें एटा जेल स्थानांतरित किया गया है। सिंह ने कहा कि अंडरवर्ल्ड द्वारा वरुण की हत्या की सुपारी दिए जाने संबंधी खबरों में कोई सत्यता नहीं है।
ज्ञात हो कि बुधवार सुबह से इस तरह की खबरें उड़ी कि वरुण अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के निशाने पर हैं। उसने इसके लिए अपने साथी राशिद मलबारी को जिम्मा सौंपा है।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने मलबारी को कर्नाटक के मैंगलोर में गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि मलबारी पीलीभीत जाने की तैयारी कर चुका था लेकिन तभी गुप्तचर ब्यूरो (आईबी) और कर्नाटक अपराध खुफिया ब्यूरो ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद ही उत्तर प्रदेश पुलिस को अलर्ट किया गया।
राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेश (कानून और व्यवस्था) बृजलाल ने इस संबंध में कहा कि राज्य पुलिस को कर्नाटक पुलिस या आईबी की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है।
पुलिस के अनुसार वरुण को एटा जेल भेजने का फैसला सुरक्षा कारणों से किया गया। मंगलवार देर रात लगभग 1.30 बजे वरुण को एटा जेल में स्थानांतरित किया गया। इससे पहले वरुण को रामपुर जेल भेजने की योजना थी, लेकिन सरकार ने बाद में उन्हें एटा जेल भेजने का फैसला किया।
उधर वरुण से मिलने एटा जेल पहुंची मां मेनका गांधी ने मायावती सरकार द्वारा उनके ऊपर रासुका लगाए जाने को पूरी तरह गलत बताया। उन्होंने कहा कि मेरे बेटे को अभिमन्यु की तरह चारों तरफ से घेरा जा रहा है। वरुण को एटा जेल स्थानांतरित करने के फैसले को भी उन्होंने अनुचित करार दिया।
मेनका ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनके बेटे वरुण को कुछ हो गया तो इसके लिए मायावती और कांग्रेस को देश को जवाब देना होगा। वरुण मेरा ही नहीं पूरे देश का बेटा है।
इंडो-एशयिन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications