मुंबई हमलों के दोषियों के प्रति पाक के 'नरम रुख' से चिंतित है भारत
लंदन, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने में पाकिस्तान के नरम रुख से भारत बेहद 'दुखी' है और इस बात से बेहद चिंतित है कि लाहौर जैसे हमले उसके यहां भी हो सकते हैं।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने यहां पहुंचे एक भारतीय अधिकारी ने बताया, "हमें लगता है कि वहां बहुत नरम रुख अपनाया जा रहा है।" उनसे पूछा गया था कि पाकिस्तान की ओर से की जा रही मुंबई हमलों से संबद्ध मामले की जांच के बारे में भारत की क्या राय है। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए बेहद दुख की बात है।
नाम जाहिर नहीं करने शर्त पर अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान को पर्याप्त सबूत दिए जा चुके हैं कि हमलों के मुख्य सूत्रधार पाकिस्तान में हैं और हमलों को अंजाम देने वाले लोग पाकिस्तानी हैं।
अधिकारी ने बताया, "अच्छा यही होगा कि उन लोगों को हमारे हवाले कर दिया जाए या फिर उनके खिलाफ वहां के कानूनों के मुताबिक मुकदमा चलाया जाए।" यही ठीक रहेगा।
इससे पहले लंदन रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने मंगलवार को कहा था पाकिस्तान यदि भारत के साथ समग्र वार्ता दोबारा शुरू करना चाहता है तो उसे मुंबई हमले की जांच के प्रत्यक्ष परिणाम सामने लाने होंगे।
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान को यह साबित करना पड़ेगा कि उसकी सरकार दोषियों को दंडित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। अपनी गंभीरता प्रदर्शित करने के लिए पाक को कम से कम यह तो करना ही पड़ेगा।"
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान को 26/11 हमले की जांच के प्रत्यक्ष परिणामों से हमें अवगत कराना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "मैंने हमेशा ही कहा है कि भारत और पाकिस्तान को संयुक्त रूप से आतंकवाद की समस्या का सामना करना पड़ेगा। मुझे उम्मीद है कि पाकिस्तान की सरकार साहस के साथ इस चुनौती का सामना करेगी।"
प्रधानमंत्री इस यात्रा के दौरान गुरुवार को अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा से भी भेंट करेंगे। इस दौरान दोनों ओर के महत्वपूर्ण अधिकारी मौजूद रहेंगे।
अमेरिका की ओर से इस बैठक में विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन, वित्त मंत्री टिमोथी गीथनर समेत छह व्यक्ति हिस्सा ले रहे हैं जबकि भारत की ओर से योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम.के. नारायणन और विदेश सचिव शिवशंकर मेनन इसमें मौजूद रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications