पीलीभीत से एटा जेल भेजे गए वरुण (लीड-1)
पुलिस के अनुसार वरुण को एटा जेल भेजने का फैसला सुरक्षा कारणों से किया गया। मंगलवार देर रात लगभग 1.30 बजे वरुण को एटा जेल में स्थानांतरित किया गया।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक(कानून-व्यवस्था) बृजलाल ने बुधवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए वरुण को एटा जेल स्थानांतरित किया गया है।
दूसरी ओर इस तरह की खबरें आ रहीं हैं कि वरुण अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के निशाने पर हैं। उसने इसके लिए अपने साथी राशिद मलबारी को जिम्मा सौंपा है।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने मलबारी को कर्नाटक के मैंगलोर में गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जाता है कि मलबारी पीलीभीत जाने की तैयारी कर चुका था लेकिन तभी गुप्तचर ब्यूरो (आईबी) और कर्नाटक अपराध खुफिया ब्यूरो ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद ही उत्तर प्रदेश पुलिस को अलर्ट किया गया।
वैसे बृजलाल ने इस संबंध में कहा कि राज्य पुलिस को कर्नाटक पुलिस या आईबी की ओर से अभी तक आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है।
दूसरी ओर वरुण के समर्थन में बुधवार को विश्व हिंदू परिषद ने बरेली क्षेत्र (मंडल) में बंद का आह्वान किया है।
गौरतलब है कि तथाकथित भड़काऊ भाषणों के आरोप में राज्य सरकार ने रविवार को वरुण के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगा दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications