लीबिया: सैकड़ों के मारे जाने की आशंका

माना जा रहा है कि तीन नावें तेज़ हवाओं की चपेट में आ गईं. लीबिया के अधिकारियों ने कहा है कि 21 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है और करीब 20 लोगों को बचाया गया है.
आईओएम के मुताबिक मरने वालों की संख्या 500 तक हो सकती है और पिछले दो दिनों में लीबिया से कई नावें आप्रवासियों को लेकर गई हैं.
आईओएम के आँकड़ों के मुताबिक 2008 में ही उत्तर अफ़्रीका से इटली के द्वीप लैंपेदुसा करीब 33 हज़ार लोग गए हैं.
संगठन के प्रवक्ता ज्याँ फ़िलिप ने बताया कि शायद नावों पर ज़रूरत से ज़्यादा लोग सवार थे और वे समुद्री तूफ़ान की चपेट में आ गईं.
बीबीसी संवाददाता ने कहा है कि लीबियाई मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक मरने वालों में एक औरत भी शामिल है जो अपने बच्चे को सीने से लगाए हुई थी.
मिस्र के विदेश मंत्रालय के अनुसार नाव लीबिया तट से करीब 30 किलोमीटर दूरी डूबी. आईओएम के लॉरेंस हार्ट ने कहा है कि अभी उम्मीद बची है कि कुछ लोगों को बचाया जा सके लेकिन हताहतों की संख्या बड़ी होगी.
मरने वालों में मिस्र, तुनिसिया और फ़लस्तीनी लोग बताए जा रहे हैं. भूमध्य सागर के ज़रिए यूरोप जाने के चक्कर में पिछले कुछ महीनों में सैकडों आप्रवासी मारे जा चुके हैं.
इनमें से कई लोग तस्करों और ख़राब मौसम का शिकार बने हुए हैं. तस्करी का ये सीज़न अक्तूबर में आमतौर पर बंद हो जाता है और अप्रैल में फिर शुरु हो जाता है.


Click it and Unblock the Notifications