'हर खतरे से निपटने को तैयार भारत'

सेना के उपप्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल नोबल थांबुराज ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान की स्थिति भारत के लिए चिंता का विषय है। लेकिन भारतीय सेना किसी भी आक्रामक स्थिति का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
वाघा बॉर्डर से मात्र 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित पुलिस अकादमी पर हुए तालीबानी हमले से भारतीय सेना सतर्क हो गई है। थांबुराज का कहना है कि आतंकवादियों द्वारा सीमा पर हमले की आशंका बढ़ गई है। हालांकि इस बात को लेकर केंद्र भी सतर्क हो गया है।
पाकिस्तान में स्थितियां बदलीं
सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि अभी तक भारत यह मानता रहा है कि यहां आतंकवादी गतिविधियां तभी पनपेंगी, जब पाकिस्तान साथ देगा, लेकिन पाकिस्तानी पुलिस अकादमी पर हुए हमले ने स्थितियां बदल दी हैं। यह हमला तो खुद पाकिस्तान के विरुद्ध आतंकी कार्रवाई था।
सुरक्षा विशेषज्ञों की मानें तो पाकिस्तान में चल रहे आतंकी संगठन अब इस्लामाबाद की मुठ्ठी से बाहर हो गये हैं।
हालांकि इस हमले में अल-कायदा और तालीबान का हाथ होने के संकेत मिल रहे हैं। ऐसे में भारत को पाकिस्तान के प्रति अपने नजरिये और नीतियों में परिवर्तन करना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि आतंकियों ने सोमवार को भारत से लगी वाघा सीमा के नजदीक लाहौर में स्थित पुलिस अकादमी पर हमला बोल दिया था। इसमें चार आतंकी मारे गए थे और तीन को जिंदा पकड़ लिया गया।


Click it and Unblock the Notifications