निर्वाचन आयोग ने राष्ट्रमंडल खेल विज्ञापनों पर रिपोर्ट मांगी
उप निर्वाचन आयुक्त आर. बालाकृष्णन ने संवाददाताओं को बताया कि निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को खेल सचिव को तलब किया और उनसे चर्चा की। आयोग ने उनसे खेलों की आयोजन समिति और मंत्रालय के संबंधों की व्याख्या करने को कहा।
निर्वाचन आयोग ने खेल सचिव को एक अप्रैल तक अपनी रिपोर्ट पेश करने को कहा।
निर्वाचन आयोग ने इससे पूर्व केंद्र और दिल्ली सरकार को राष्ट्रमंडल खेल 2010 के संबंध में पूरे पेज के विज्ञापन देने वाले कार्यालय से विज्ञापन की पूरी कीमत वसूलने को कहा था। आयोग के अनुसार यह आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है।
कई समाचार पत्रों में छह मार्च को प्रकाशित इस विज्ञापन में राष्ट्रमंडल खेल 2010 के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा राजधानी में कराए गए विकास कार्यो का विवरण था। इनमें 24 फ्लाईओवरों का निर्माण, 1,285 किलोमीटर लंबी सड़कों का सुधार और 5,000 लो-फ्लोर बसों का संचालन शामिल था।
भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने कहा था कि उनकी पार्टी ने सार्वजनिक धन के दुरुपयोग से सरकार की छवि चमकाने के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications