संजय के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का बसपा ने किया स्वागत
लखनऊ में मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में मिश्रा ने कहा कि बसपा को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था। हम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हैं।
उन्होंने कहा कि संजय दत्त को लखनऊ से लड़ाना समाजवादी पार्टी (सपा) का एक ड्रामा था जिससे अब पर्दा उठ चुका है। मुलायम सिंह यादव और अमर सिंह ने संजय दत्त को लखनऊ लाकर शहर में खूब ड्रामा करवाया।
यह पूछे जाने पर कि क्या संजय दत्त के चुनाव न लड़ने से बसपा उम्मीदवार अखिलेश दास को इसका फायदा मिलेगा, इसके जवाब में उन्होंने कहा कि संजय दत्त के चुनाव लड़ने या न लड़ने से बसपा प्रत्याशी पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। बसपा प्रत्याशी अखिलेश दास की लखनऊ सीट पर जीत पक्की है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता एच. एन. दीक्षित ने भी अदालत के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अगर संजय को चुनाव लड़ने की इजाजत मिल भी जाती तो लखनऊ का मतदाता संजय दत्त को कभी अपना मत नहीं देता। उन्होंने कहा कि लखनऊ के मतदाताओं को भाजपा पर पूरी आस्था है।
उधर, कांग्रेस ने भी सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को सर्वोपरि बताया है। कांग्रेस की प्रदेश इकाई के मुख्य प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि हम न्यायालय के फैसले का सम्मान करते हैं। न्यायालय के इस फैसले के बाद अब कांग्रेस लखनऊ से अपना उम्मीदवार लड़ाएगी। कांग्रेस लखनऊ से किसे उम्मीदवार बनाएगी इस सवाल पर उन्होंने कहा कि यह फैसला आलाकमान करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications