लाहौरः पुलिस कैंप पर आतंकी हमला

सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच भारी गोलीबारी जारी है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और कमांडो दस्ते व पाकिस्तान रेंजर्स ने मोर्चा संभाल लिया है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस की वर्दी पहने करीब 10 -12 अज्ञात हमलावर भारत-पाक वाघा बॉर्डर के पास ही स्थित मनावां पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में धमाके और गोलीबारी करते हुए घुस गए। इस सेंटर में कोई 850 पुलिसकर्मी ट्रेनिंग ले रहे हैं। जिस समय हमला हुआ पुलिसकर्मियों का परेड समारोह चल रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मुश्ताक शुखेरा ने कहा है, "आतंकवादियों ने केंद्र के भीतर पोजीशन ले रखी है और उनसे निपटने के लिए उत्कृष्ट दस्ते को मौके पर बुला लिया गया है।"
उन्होंने कहा कि फिलहाल यह बताना मुश्किल होगा कि कितने पुलिस कर्मी मारे गए हैं और कितने घायल हुए हैं।
शुखेरा ने कहा, "करीब 850 प्रशिक्षुओं को सामान्यतया यहां प्रशिक्षण दिया जाता है लेकिन हमले के समय उनमें से कितने केंद्र के भीतर मौजूद थे इसकी जानकारी हमें नहीं है।"
एक घायल पुलिसकर्मी ने बताया कि हमलावर केंद्र की बाहरी दीवार फांदकर भीतर आए और सुबह की परेड में हिस्सा ले रहे रंगरूटों पर गोलियां दागने लगे।
टेलीविजन फुटेज में परेड ग्राउंड में पुलिसकर्मियों को घायल अवस्था में दिखाया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने पहचान गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि हताहत होने वालों की संख्या ज्यादा हो सकती है।


Click it and Unblock the Notifications