एडवोकेट वाघमारे करेंगी कसाब की पैरवी

ज्ञात हो कि कुछ दिन पहले कसाब ने कोर्ट में अपनी पैरवी के लिए वकील की मांग की थी। न्यायाधीश एमएल टहलियानी ने सोमवार को अंजलि वाघमारे को कसाब का वकील नियुक्त किया है। साथ ही उन्होंने सुनवाई शुरू करने की तारीख 6 अप्रैल तय की है।
टहलियानी ने कसाब को बताया कि अंजलि वाघमारे उसका प्रतिनधित्व करेंगी और उनकी मदद के लिए एक अन्य वकील को भी नियुक्त किया जाएगा। वाघमारे को वकील नियुक्त किये जाने पर कसाब ने कोई आपत्ति नहीं जतायी है।
मुंबई के आर्थर रोड जेल से चल रही अदालती कार्यवाही के दौरान विडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये कसाब को उनके वकील के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही वाघमारे का परिचय भी कराया गया। अदालत ने कसाब से कहा कि अंजली वाघमारे पुलिस आरोप पत्र पढ़ने में उसकी मदद करेंगी।
विडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान कसाब ने अदालत से समाचार पत्र मुहैया कराने की मांग की, जिस पर अदालत ने कहा कि सुनवाई के दौरान उसके अनुरोध पर विचार किया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications