वरुण की याचिका पर सुनवाई आज, पीलीभीत में सुरक्षा के कड़े प्रबंध
लखनऊ, 30 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के नेता और लोकसभा चुनावों के लिए पीलीभीत से पार्टी प्रत्याशी वरुण गांधी की जमानत की अर्जी पर सोमवार को स्थानीय अदालत में होने वाली सुनवाई के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। वरुण को भड़काऊ भाषण देने का आरोप है।
भड़काऊ भाषण देने के मामले में पीलीभीत की अदालत ने शनिवार को वरुण को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। जिलाधिकारी अजय चौहान ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि यहां हालात काबू में रखने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाबल तैनात किए गए हैं।
चौहान ने बताया कि चार कंपनी त्वरित कार्य बल(आरएएफ)और आठ कंपनी पीएसी के साथ-साथ भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोपहर बाद मुख्य न्यायायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में वरुण की याचिका पर सुनवाई हो सकती है।
इससे पहले रविवार देर रात, उत्तर प्रदेश सरकार ने वरुण गांधी पर भड़काऊ बयान देने और शनिवार को अपनी गिरफ्तारी के दौरान हिंसा भड़काने के आरोप में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगा दिया।
कानून के जानकारों की माने तो यदि सोमवार को अदालत वरुण को जमानत दे भी देती है, तो फिर भी उनकी रिहाई में बाधा आ सकती है क्योंकि रासुका के तहत साल भर तक जमानत का प्रावधान नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications