श्रीलंका में सेना-लिट्टे संघर्ष में 45 की मौत (लीड-1)
समुद्र में यह संघर्ष तब शुरू हुआ जब सोमवार को नौसेना की गश्ती नौकाओं की मुठभेड़ मुल्लइतिवु के चलानी में लिट्टे की कई नौकाओं से हुई। लिट्टे को अब इस जिले में करीब 21 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में सीमित कर दिया गया है।
सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर उदय नानयक्करा ने सोमवार को आईएएनएस से कहा कि समुद्र में हुए संघर्ष में लिट्टे की चार नौकाएं नष्ट हुईं और उसके विंग लीडर मारन सहित 26 आतंकवादी मारे गए।
उन्होंने कहा कि नौसेना का एक जवान भी लड़ाई में शहीद हुआ और तीन जवान घायल हुए।
इससे अलग रक्षा मंत्रालय ने कहा कि 55वीं और 53वीं डिविजन ने रविवार को उत्तर में पालमथलन में लिट्टे के गढ़ पर हमला किया। लिट्टे के संचार को सुनने से पता चला कि लिट्टे के सी टाइगरों का उदथमान नामक नेता इस लड़ाई में मारा गया।
तलाशी में सेना ने लिट्टे के 18 सदस्यों के शव उनकी राइफलों के साथ प्राप्त किए।
सेना ने कहा कि वर्ष 2009 के आरंभ से अब तक 55,000 से अधिक लोग लिट्टे के कब्जे वाले इलाके से भागकर सेना के इलाके में शरण ले चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications