पहले कारोबारी दिन लुढ़के बाजार (राउंडअप)
सोमवार को बाजारों में बिकवाली का भारी दबाव रहा और बैंकिंग सेक्टर का सूचकांक 8.58 फीसदी तक लुढ़क गया। इसके अतिरिक्त धातु, रियल्टी, सूचना प्रौद्योगिकी, उपभोक्ता वस्तुओं के सूचकांकों समेत अधिकांश सेक्टरों के सूचकांक नकारात्मक रुख के साथ बंद हुए। शुक्रवार को 10,000 और 3,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के ऊपर बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को सुबह से ही गिरावट का रुख रहा। कारोबार के अंत में दोनों क्रमश: 9,568.14 व 2,978.15 के स्तर पर बंद हुए।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' सोमवार को पिछले बंद के मुकाबले 146.14 अंक नीचे 9,902.30 पर खुला। खुलने के तत्काल बाद इसमें गिरावट आई और कारोबार बंद होने तक यह 480.35 अंक यानी 4.78 फीसदी लुढ़क चुका था। सेंसेक्स 9,568.14 पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 9,902.35 का उच्चतम और 9,520.96 का निम्नतम स्तर छुआ।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांक भी गिरावट के साथ बंद हुए। मिडकैप सूचकांक 43.57 अंक यानी 1.48 फीसदी गिरकर 2,890.59 पर और स्मालकैप सूचकांक 38.06 अंक यानी 1.18 फीसदी गिरकर 3,200.05 के स्तर पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' 0.10 अंक ऊपर 3,108.75 पर खुला। कारोबार के अंत में यह 130.50 अंकों यानी 4.20 फीसदी की गिरावट के साथ 2,978.15 पर बंद हुआ। निफ्टी ने कारोबार के दौरान 3,110.20 के उच्चतम और 2,962.40 के निम्नतम स्तर को छुआ।
बीएसई में कारोबार का रुख नकारात्मक रहा और इसमें 1,470 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में गिरावट आई जबकि महज 905 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में इजाफा हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications