वरुण मुद्दे पर राज्यपाल से मिलेंगे भाजपा नेता
लखनऊ, 30 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की मायावती सरकार द्वारा पीलीभीत से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी वरुण गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) लगाए जाने के मुद्दे पर पार्टी की प्रदेश इकाई के नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार की शाम राज्यपाल टी. वी. राजेश्वर से मिलेगा। भाजपा नेता राज्यपाल से राज्य सरकार के कथित पक्षपातपूर्ण रवैये पर दखल की मांग करेंगे।
भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता एच. एन. दीक्षित ने आईएएनएस से कहा कि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सरकार द्वारा वरुण पर रासुका लगाया जाना पक्षपातपूर्ण कदम है। राज्य सरकार भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है।
उन्होंने कहा कि इसी मामले को लेकर सोमवार शाम भाजपा नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को मायावती सरकार के भेदभावपूर्ण रवैये से अवगत कराकर उनसे इस मामले में दखल की मांग करेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि सरकारी तंत्र भाजपा के चुनावी अभियान में बाधा डाल रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे थोपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस आचार संहिता के बहाने भाजपाईयों का दमन कर रही है। पार्टी सरकारी उत्पीड़न का विरोध करेगी।
ज्ञात हो रविवार शाम राज्य सरकार ने वरुण को तथाकथित भड़काऊ भाषण देने और शनिवार को पीलीभीत में अपनी गिरफ्तारी के दौरान हिंसा भड़काने के आरोप में रासुका के तहत निरूद्ध किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications