आइवरी कोस्ट में स्टेडियम में भगदड़, 22 मरे,132 घायल (लीड-2)
हैम्बर्ग, 30 मार्च (आईएएनएस)। अफ्रीकी महाद्वीप के छोटे से देश आइवरी कोस्ट के एक स्टेडियम में रविवार को खेले गए फुटबॉल मैच के दौरान भगदड़ मचने से कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई जबकि 132 अन्य घायल हो गए।
समाचार एजेंसी डीपीए ने बीबीसी के हवाले से इस संबंध में जानकारी दी। यह हादसा आइवरी कोस्ट के आबिदजान के होफोट बॉयगनी इलाके में स्थित एक स्टेडियम में हुआ।
स्टेडियम में आइवरी कोस्ट और मलावी के बीच विश्व कप क्वालीफाईंग मैच चल रहा था। स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शकों ने बिना टिकट प्रवेश करने की कोशिश की। इसी दौरान स्टेडियम की एक दीवार अंदर की ओर गिर गई, जिसके बाद भगदड़ मच गई।
स्टेडियम में मैच देखने करीब 36 हजार दर्शक पहुंचे थे। मैच को आइवरी कोस्ट ने 5-0 से जीता। आइवरी कोस्ट के खेल मंत्रालय और फुटबॉल संघ ने मृतकों की संख्या की पुष्टि की है।
आतंरिक मामलों के मंत्री डिजाइर टार्गो ने कहा कि स्टेडियम में बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों के बीच भगदड़ मचने से यह हादसा हुआ।
ब्रिटेन के समाचार पत्र 'द सन' ने आइवरी कोस्ट के खेल मंत्री डागोबर्ट बैंजियो के हवाले से लिखा है कि लोग बिना टिकट स्टेडियम में प्रवेश करने के लिए धक्का-मुक्की कर रहे थे, तभी स्टेडियम की दीवार अंदर की ओर ढह गई।
आईवरी कोस्ट सरकार के साथ-साथ फुटबाल की विश्व संस्था-फेडरेशन इंटरनेशनल दे फुटबाल एसोसिएशन (फीफा) ने भी घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications