'मुन्नाभाई' के काफिले पर पथराव

हुआ यूं कि चुनाव प्रचार के लिए निकला संजय दत्त का काफिला रविवार को लखनऊ विश्वविद्यालय पहुंचा। संजय दत्त की एक झलक देखने के लिए 300 से ज्यादा छात्र छुट्टी के बावजूद कैंपस पहुंचे। काफी समय बिताने के बाद संजय दत्त वहां से चल दिये।
फिर क्या था छात्रों में इस बात को लेकर रोष व्याप्त हो गया। देखते ही देखते छात्रों ने संजय दत्त के खिलफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान छात्रों ने संजय दत्त के काफिले पर पथराव कर दिया।
किसी तरह बवाल से निकल कर संजय का काफिला कैंपस से निकल कर हनुमान सेतु व परिवर्तन चौक होते हुए कैसरबाग के लिए रवाना हो गया।
पथराव करने के बाद सभी छात्र मौके से फरार हो गए। पथराव में अभी तक किसी के घायल होने की खबर सामने नहीं आई है। हालांकि छात्रों की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हलका बल भी प्रयोग करना पड़ा।
इस मामले पर लखनऊ विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर एएन सिंह का कहना है कि युवाओं में संजय दत्त की बहुत लोकप्रियता है और जब संजय बिना उनसे मिले जाने लगे तो छात्रों में आक्रोश फैल गया। नतीजन छात्रों ने पथराव कर दिया। इस बीच प्रॉक्टर ने किसी भी छात्र के खिलाफ रिपोर्ट की बात से इंकार किया है।


Click it and Unblock the Notifications