ब्रिटिश पुलिस ने संभावित आतंकवादी के रूप में 200 बच्चों की पहचान की
जियो टीवी ने शनिवार को अपनी एक रिपोर्ट में कहा कि इस सर्वेक्षण का उद्देश्य आतंकवाद से प्रभावित बच्चों की पहचान करना था।
एक ब्रिटिश समाचार पत्र ने वेस्ट यॉर्कशार पुलिस के मुख्य कांस्टेबल और ब्रिटेन के आतंकवाद निरोधक दस्ते के प्रमुख सर नॉरमैन बेटिसन के हवाले से बच्चों की संख्या का खुलासा किया है।
बेटिसन ने कहा कि 'चैनल परियोजना' के तहत पिछले 18 माह के दौरान 200 बच्चों, जिनके बारे में धारणा थी कि वे कट्टरपंथ की ओर आकर्षित हैं, के मामलों में हस्तक्षेप किया। यह संख्या जून 2008 में पहचाने गए ऐसे 10 बच्चों की संख्या से अधिक है।
चैनल परियोजना का संचालन मुख्य पुलिस अधिकारियों के संघ द्वारा किया जाता है। परियोजना के तहत शिक्षकों, माता-पिताओं और समुदाय के अन्य महत्वपूर्ण लोगों से ऐसे बच्चों पर नजर रखने को कहा गया है।
इस परियोजना की शुरुआत लंकाशायर में की गई थी लेकिन पिछले साल फरवरी में वेस्ट यॉर्कशायर, मिडलैंड्स, बेडफोर्डशायर और साउथ वेल्स में इसका विस्तार किया गया। परियोजना की सफलता को देखते हुए इसे लंदन के बाकी हिस्सों में भी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications