चुनाव बाद संप्रग व राजग के सहयोगियों की संख्या और घटेगी : भट्टाचार्य
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के मुखपत्र 'गणशक्ति' को दिए एक साक्षात्कार में भट्टाचार्य ने कहा, "गैर-भाजपा और गैर-कांग्रेस सरकार बनाने की हमारी कवायद चुनाव बाद परवान चढ़ेगी। संप्रग और राजग के घटक दलों में भगदड़ मचेगी और तीसरा मोर्चा मजबूत होगा।"
उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थिति में एक साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार किया जाएगा और आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
भट्टाचार्य ने कहा, "ऐसी परिस्थिति में वाम दलों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाएगी। उस वक्त हम अपना कर्तव्य निभाएंगे।"
उन्होंने कहा कि अब क्षमता और संख्या के हिसाब से तीसरे मोर्चे की अहमियत बढ़ गई है। उन्होंने कहा, "हालांकि यह काफी नहीं है। हमें बातचीत के जरिए मोर्चे को मजबूत करना होगा। इसकी प्रक्रिया आरंभ हो गई है और चुनाव बाद भी यह जारी रहेगी।"
तीसरे मोर्चे में प्रधानमंत्री पद के कई उम्मीदवार हैं, इस बारे में भाजपा और कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को दरकिनार करते हुए भट्टाचार्य ने कहा कि ऐसी परिस्थिति में मोर्चे का पहला लक्ष्य वैकल्पिक सरकार बनाना होगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव बाद की परिस्थितियों की समीक्षा के बाद ही वाम मोर्चा सरकार में शामिल होने या न होने के बारे में फैसला करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications