पीलीभीत के लोगों का सदैव सांप्रदायिक सौहार्द में विश्वास रहा : कांग्रेस प्रत्याशी
वरुण की मां मेनका गांधी के रिश्तेदार वी.एम.सिंह ने कहा कि पीलीभीत हमेशा से शांतिपूर्ण स्थान रहा है जहां लोग पारंपरिक रूप से सांप्रदायिक सौहार्द में विश्वास रखते हैं। अपने राजनीतिक हित के लिए विभाजनकारी तौर तरीकों का प्रयोग करने वाले वरुण जैसे लोग इस स्थान की शांतिप्रिय जनता का समर्थन नहीं हासिल कर सकते।
सिंह ने टेलीफोन से आईएएनएस से कहा कि इसका कोई मतलब नहीं है कि अपने हिन्दुत्व कार्ड का उपयोग करने के लिए भाजपा वरुण का कितना उपयोग करती है, वरुण लोकसभा का चुनाव हारने जा रहे हैं।
सिंह ने आरोप लगाया ,"धारा 144 लागू होने के बावजूद स्थानीय प्रशासन ने भाजपा कार्यकर्ताओं को एकत्र होने और हिंसा करने का अवसर दिया। दूसरी ओर मुझे कस्बे में शांति मार्च करने की अनुमति नहीं दी गई।"
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार को मेनका गांधी के खिलाफ भी कार्रवाई करनी चाहिए।
सिंह ने कहा कि वरुण को जेल भेजे जाने और हिंसा के बाद मेनका ने स्थानीय मुस्लिम पुलिस अधिकारी पर बिना किसी उचित कारण के लोगों पर फायरिंग करने का आरोप लगाकर आग में घी डाला है।
सिंह ने दावा किया कि वह मुस्लिम अधिकारी हिंसा के दिन ड्यूटी पर ही नहीं था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications