वरुण के खिलाफ एक और मामला दर्ज
पीलीभीत के पुलिस प्रमुख प्रकाश डी. ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि शहर कोतवाली में वरुण गांधी, कलराज मिश्रा और विधायक बी. के. गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वरुण के खिलाफ धारा 144 के उल्लंघन का मामला, जबकि कलराज मिश्रा और बी. के. गुप्ता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 की तहत मामला दर्ज किया गया।
इससे पहले शनिवार को वरुण ने पीलीभीत के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष आत्मसमर्पण किया, जहां से अदालत ने उन्हें 30 मार्च तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। अब 30 मार्च को मामले की अगली सुनवाई होगी।
अदालत से बाहर निकलने के बाद वरुण को ले जा रही पुलिस की गाड़ी का पीछा करते हुए सैकड़ों समर्थकों को देखा गया। बहुत से लोगों को गाड़ी से लटकते और बोनट पर चढ़ते देखा गया, जिससे पुलिसकर्मियों को काफी कठिनाई हुई।
वरुण को ले जा रहे काफिले के स्थानीय जेल के प्रवेश द्वार पर पहुंचने के बाद भीड़ हिंसा पर उतारू हो गई और पुलिस को उसे काबू में करने के लिए गोली चलानी पड़ी। इस गोलीबारी में तीन लोग घायल हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications