भाजपा के 50 कार्यकर्ता गिरफ्तार

इन कार्यकर्ताओं ने सड़क पर यातायात अवरूद्ध कर दिया और पुलिसकर्मियों के साथ भिड़ गए। गौरतलब है कि लोकसभा चुनावों के लिए पीलीभीत से भाजपा उम्मीदवार वरुण गांधी अपने तथाकथित भड़काऊ भाषणों की वजह से यहां गिरफ्तार किए जा सकते हैं।
पुलिस के अनुसार भाजपा कार्यकर्ताओं को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 144 के तहत गैर कानूनी तौर पर एकत्र होने के कारण गिरफ्तार किया गया है।
जिला भाजपा अध्यक्ष योगेंद्र गंगवार ने बताया, " भैया (वरुण गांधी) के पक्ष में नारे लगा रहे हमारी पार्टी के 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है।"
भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्रा ने यहां संवाददाताओं को बताया, "यहां पहुंचकर वरुण जिलाधीश कार्यालय जाएंगे और गिरफ्तारी देंगे।" पीलीभीत में तड़के से ही भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जमा होने लगे थे।पार्टी सूत्रों ने बताया कि वरुण के पहुंचते ही भाजपा की यहां 'ग्रैंड शो' करने की योजना है।
अधिकारियों ने बताया कि पीलीभीत सीमा पर खमरिया पुल पुर सुरक्षाबल तैनात कर दिए गए हैं तथा संगराही पुलिस स्टेशन को 'हाई अलर्ट' कर दिया गया है।
इससे पहले शुक्रवार को दिल्ली उच्च न्यायालय ने वरुण के वकील द्वारा उनकी अग्रिम जमानत की अर्जी वापस लिए जाने के बाद उसे खारिज कर दिया था। दिल्ली उच्च न्यायालय ने 20 मार्च को वरुण को अग्रिम जमानत दी थी जिसकी अवधि शुक्रवार को पूरी हो रही थी।
भड़काऊ भाषण देने के आरोप में वरुण के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और जनप्रतिनिधि कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस


Click it and Unblock the Notifications