जम्मू एवं कश्मीर में मुठभेड़ में तीन आतंकी ढेर (लीड-1)
अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक दो आतंकियों को दक्षिण कश्मीर के एक जंगली इलाके में तथा एक अन्य आतंकी को राजौरी में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया।
सेना और पुलिस के जवानों ने एक संयुक्त तलाशी अभियान के तहत दक्षिण कश्मीर में अवंतीपुर के पास एक जंगली इलाके को घेर लिया।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "यह अभियान आतंकियों की उपस्थिति के बारे में मिली खास सूचना के बाद शुरू किया गया।"
पुलिस अधिकारी ने कहा कि तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों ने सुरक्षा बलों पर भारी गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान दो अज्ञात आतंकी मारे गए।
रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि जम्मू के उत्तरी इलाके में सीमावर्ती राजौरी जिले के धर्मसाल के जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया।
प्रवक्ता ने बताया कि मुठभेड़ उस समय शुरू हुई, जब सेना के जवान ब्रावी बाजी महल गांव में एक तलाशी अभियान में जुटे हुए थे।
प्रवक्ता के अनुसार मारे गए आतंकी के पास से एक एके47 राइफल, तीन मैगजीन, दो फोन और एक वायरलेस सेट बरामद किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications