पंजाब प्रांत से राष्ट्रपति शासन हटाया जाएगा : जरदारी
जरदारी ने यह घोषणा संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए की। इस घोषणा के साथ ही विपक्षी नेता नवाज शरीफ की अंतिम दो मांगों के भी पूरा होने का रास्ता साफ हो गया है और उनकी पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) की प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी की सरकार में वापसी हो सकती है।
जरदारी ने अपने संबोधन के दौरान कहा, "मैं पंजाब में राष्ट्रपति शासन की समाप्ति की घोषणा करता हूं। पंजाब किसी को भी अपना मुख्यमंत्री चुन सकता है।"
जरदारी ने आगे कहा, "मैं 17वें संविधान संशोधन की समीक्षा के लिए एक संसदीय समिति के गठन का प्रस्ताव करता हूं। मैं संसद से 17वें संशोधन की समीक्षा शुरू करने का आह्वान करता हूं।"
उन्होंने कहा, "समीक्षा और नए संशोधन में देरी नहीं की जानी चाहिए।"
जरदारी ने संसद से अपील की कि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) और पीएमएल-एन द्वारा संयुक्त रूप से आम चुनाव लड़ने के लिए तय किए गए चार्टर ऑफ डेमोक्रेसी को लागू करने के लिए भी एक रणनीति तैयार की जाना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications