गोगोई ने अगप-भाजपा उम्मीदवार को हत्या का आरोपी बताया
मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, "मैं उस उम्मीदवार का नाम नहीं ले रहा हूं। लेकिन मैं आप सबसे कह रहा हूं कि अगप-भाजपा गठबंधन ने एक हत्या के आरोपी को टिकट दिया है। अगप-भाजपा ने इस आरोप से इंकार किया तो मैं उस उम्मीदवार का नाम बताऊंगा।"
मुख्यमंत्री गोगोई ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी द्वारा असम दौरे के दौरान बहाए गए घड़ियाली आंसू पर उन्हें आड़े हाथों लिया।
गोगोई ने कहा, "जब असम में प्रफुल्ल कुमार महंत के नेतृत्व में अगप की सरकार थी और आडवाणी केंद्र में गृह मंत्री थे तो असम में रहस्यमय हत्याओं की एक बाढ़-सी आ गई थी। उस समय आडवाणी चुप्पी साधे हुए थे।"
गोगोई ने कहा, "मैं कहना चाहूंगा कि अगप और केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने ही असम में रहस्यमय हत्याओं को अंजाम दिलाया था।"
ज्ञात हो कि असम में वर्ष 1996 से 2001 के बीच प्रतिबंधित युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) के नेताओं के परिजनों की श्रृंखलाबद्ध तरीके से हत्याएं की गई थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications