आंध्र की राजनीति में बढ़ा वंशवाद का बोलबाला
हैदराबाद, 28 मार्च (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में सभी सियासी दलों के आला नेताओं के चुनावी मुद्दे भले ही अलग-अलग हों लेकिन उनमें एक बात समान है और वह है इनके वारिसों का चुनावी मैदान में कूदना।
तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के अध्यक्ष के. चंद्रशेखर राव के पुत्र के. तारक रामा राव करीमगंज जिले की सिरचिल्ला विधानसभा सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
राज्य के मुख्यमंत्री वाई. एस. राजशेखर रेड्डी के उद्योगपति बेटे वाई. एस.जगनमोहन रेड्डी कदपा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं। जगनमोहन कई कारोबार चलाते हैं। उनका 'साक्षी' नाम से एक समाचार पत्र और इसी नाम से एक टीवी चैनल भी है।
टीआरएस प्रमुख महबूबनगर संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं। वह पिछले लोकसभा चुनाव में करीम नगर से चुने गए थे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि चंद्रशेखर राव अपने पुत्र को करीमगंज से लोकसभा चुनाव लड़ाना चाहते थे लेकिन आलोचना से बचने के लिए उन्होंने ऐसा नहीं किया। उनके एक निकट संबंधी विनोद कुमार भी टीआरएस के टिकट पर फिर से लोकसभा पहुंचने की तैयारी में हैं।
तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने भले ही अपने पुत्र लोकेश नायडू को टिकट नहीं दिया है लेकिन उनके पुत्र पार्टी के कई मामलों में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications