वरुणः शनिवार को गिरफ्तारी संभव

2007 के विधानसभा चुनावों में भाजपा द्वारा विवादास्पद सीडी जारी करने पर पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने इसी तरह की गिरफ्तारी दी थी। भाजपा की पीलीभीत इकाई ने कल 11 बजे कचहरी पर होने वाले वरुण गांधी के गिरफ्तारी कार्यक्रम की तैयारियां शुरु कर दी हैं।
भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता और काफी तादाद में पार्टी समर्थकों के मौजूद रहने की उम्मीद है। जिला प्रशासन ने सुरक्षा बंदोबस्त बढ़ा दिए हैं और निषेधाज्ञा का कड़ाई से पालन कराने के लिए आस पास के जिलों से पुलिस बल मांगी गई है।
सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप
इस बात का फैसला कल किया जाएगा कि वरुण गांधी को गिरफ्तार किया जाए अथवा नहीं। गांधी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट से उनके खिलाफ दर्ज रिपोर्ट को रद्द करने और अग्रिम जमानत की गुहार लगाई थी।
उनके खिलाफ भड़काऊ भाषण और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धारा 153ए, 188, 595, 295 और जनप्रतिनिधि कानून की धारा 125 के तहत पिछले 17 और 19 मार्च को पीलीभीत के लालीखेड़ा, बरखेड़ा थानों और कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज हुआ था।
जांच रिपोर्ट का इंतजार
पीलीभीत पुलिस भाषण की सीडी की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। सीडी हैदराबाद के फारेंसिक लैब में जांच के लिए भेजी गई है। वरुण गांधी ने आरोप लगाया था कि सीडी के साथ छेड़छाड़ की गई है उसमें उनकी आवाज नहीं है। उन्होंने दावा किया था कि सीडी में किसकी आवाज है यह जानकारी पार्टी अध्यक्ष को दे दी थी।
भाजपा गांधी के मामले को राजनीतिक मुद्दा भी बना सकती है क्योंकि उसने चुनाव आयोग के गांधी को प्रत्याशी नहीं बनाए जाने के सुझाव को सिरे से खारिज कर दिया था। आयोग ने इसी सिलसिले में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को हटा दिया था और अपर पुलिस अधीक्षक तथा अपर जिलाधिकारी को निलंबित कर दिया गया था।


Click it and Unblock the Notifications