अलकायदा का समूल नाश एकमात्र लक्ष्य : ओबामा (राउंडअप)
इस बीच पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लिए घोषित नई रणनीति का स्वागत किया है।
ओबामा ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लिए रणनीति की घोषणा करते हुए कहा, "कई सारी खुफिया सूचनाओं में चेताया गया है कि अलकायदा पाकिस्तान जैसे सुरक्षित ठिकाने से अमेरिका में नए हमले की साजिश रच रहा है।"
ओबामा ने कहा, "पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अलकायदा को समाप्त करना तथा भविष्य में उन दोनों देशों में उनकी वापसी को रोकना हमारी रणनीति का स्पष्ट व एक मात्र लक्ष्य है।"
ओबामा ने कहा कि अमेरिकी लोगों को यह समझना जरूरी है कि पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हमारी मदद चाहता है।
ओबामा ने कहा कि इस्लामाबाद को ब्लैंक चेक नहीं दिया जाने वाला है। लेकिन उन्होंने सीनेटर जॉन केरी और रिचर्ड लुगर द्वारा पेश किए गए एक विधेयक को पारित करने के लिए कांग्रेस का आान किया, जो अगले पांच वर्षो तक पाकिस्तान को प्रति वर्ष 1.5 अरब डॉलर की प्रत्यक्ष सहायता की स्वीकृति प्रदान करेगा। इस राशि के जरिए पाकिस्तान में लोकतंत्र को मजबूत किया जाएगा तथा स्कूलों, सड़कों और अस्पतालों का निर्माण कराया जाएगा।
अफगानिस्तान में अमेरिकी सेना की उपस्थित बढ़ाने की घोषणा करते हुए ओबामा ने कहा, "जिन आतंकियों ने 9/11 के हमले की साजिश रची थी और उसका समर्थन किया था, वे पाकिस्तान और अफगानिस्तान में हैं।"
ओबामा ने चेतावनी दी कि यदि अफगानिस्तान सरकार तालिबान के हाथों में गई तो वह देश दोबारा आतंकियों का अड्डा बन जाएगा। वे आतंकी हमारे अधिक से अधिक लोगों की यथासंभव हत्या करना चाहते हैं।
ओबामा ने कहा कि वह अफगानिस्तान में 4,000 और सैनिकों को भेज रहे हैं। इसके साथ ही सैकड़ों नागरिक विशेषज्ञों को भी भेज रहे हैं।
ओबामा ने साफ किया कि लड़ाई का संचालन पाकिस्तान से किया जाएगा। वहां से अमेरिकी सेना संदिग्ध आतंकी ठिकानों के खिलाफ सीमा पर समय-समय पर हमले को संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान का भविष्य पाकिस्तान के भविष्य से जुड़ा हुआ है।
उधर जरदारी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, "पाकिस्तान ने अमेरिका के साथ संबंधों को हमेशा उच्च वरीयता दी है। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के लिए नई रणनीति दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूती प्रदान करेगा।"
जरदारी ने कहा कि कबायली इलाकों में अमेरिकी मदद से पुनर्निर्माण अवसर क्षेत्र (आरओजेड) का विकास, आतंकवाद और चरमवाद से लंबे समय से त्रस्त लोगों के लिए एक अनुकूल माहौल तैयार करने में मददगार साबित होगा।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने भी अमेरिकी योजना का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की नई नीति क्षेत्रीय दृष्टिकोण पर आधारित है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications