अलकायदा पाकिस्तान से हमले की साजिश रच रहा है : ओबामा (लीड-2)
वाशिंगटन, 27 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अलकायदा के समूल नाश की एक नई रणनीति की शुक्रवार को घोषणा की। उन्होंने चेतावनी दी कि अलकायदा अपने सुरक्षित स्थान पाकिस्तान से अमेरिका पर हमले की साजिश रच रहा है।
ओबामा ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान के लिए रणनीति की घोषणा करते हुए कहा, "कई सारी खुफिया सूचनाओं में चेताया गया है कि अलकायदा पाकिस्तान जैसे सुरक्षित ठिकाने से अमेरिका में नए हमले की साजिश रच रहा है।"
ओबामा ने कहा, "पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अलकायदा को समाप्त करना तथा भविष्य में उन दोनों देशों में उनकी वापसी को रोकना हमारी रणनीति का स्पष्ट व एक मात्र लक्ष्य है।"
ओबामा ने कहा कि अमेरिकी लोगों को यह समझना जरूरी है कि पाकिस्तान आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हमारी मदद चाहता है।
ओबामा ने कहा कि इस्लामाबाद को ब्लैंक चेक नहीं दिया जाने वाला है। लेकिन उन्होंने सीनेटर जॉन केरी और रिचर्ड लुगर द्वारा पेश किए गए एक विधेयक को पारित करने के लिए कांग्रेस का आह्वान किया, जो अगले पांच वर्षो तक पाकिस्तान को प्रति वर्ष 1.5 अरब डॉलर की प्रत्यक्ष सहायता की स्वीकृति प्रदान करेगा। इस राशि के जरिए पाकिस्तान में लोकतंत्र को मजबूत किया जाएगा तथा स्कूलों, सड़कों और अस्पतालों का निर्माण कराया जाएगा।
अफगानिस्तान में अमेरिकी सेना की उपस्थित बढ़ाने की घोषणा करते हुए ओबामा ने कहा, "जिन आतंकियों ने 9/11 के हमले की साजिश रची थी और उसका समर्थन किया था, वे पाकिस्तान और अफगानिस्तान में हैं।"
ओबामा ने चेतावनी दी कि यदि अफगानिस्तान सरकार तालिबान के हाथों में गई तो वह देश दोबारा आतंकियों का अड्डा बन जाएगा। वे आतंकी हमारे अधिक से अधिक लोगों की यथासंभव हत्या करना चाहते हैं।
ओबामा ने कहा कि वह अफगानिस्तान में 4,000 और सैनिकों को भेज रहे हैं। इसके साथ ही सैकड़ों नागरिक विशेषज्ञों को भी भेज रहे हैं।
ओबामा ने साफ किया कि लड़ाई का संचालन पाकिस्तान से किया जाएगा। वहां से अमेरिकी सेना संदिग्ध आतंकी ठिकानों के खिलाफ सीमा पर समय-समय पर हमले को संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान का भविष्य पाकिस्तान के भविष्य से जुड़ा हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications