महिला अधिकारी के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की : मुलायम सिंह
लखनऊ में पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में मुलायम ने साफ किया कि उन्होंने मैनपुरी की जिलाधिकारी को न तो धमकाया और न ही उनके खिलाफ कोई आपत्तिजनक टिप्पणी की। मुलायम ने कहा कि वह और उनकी पार्टी हमेशा से महिला सशक्तिकरण और समानता में विश्वास करती है।
मुलायम ने कहा कि उन्होंने अपने मुख्यमंत्री के कार्यकाल के दौरान कई सरकारी अधिकारियों को प्रशिक्षित किया।
सपा सुप्रीमो ने मैनपुरी में गत सोमवार को जनसभा में कथित तौर पर जिलाधिकारी मिनिस्थी को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। यादव ने अपने भाषण में कहा, वह महिला हैं लेकिन उन्हें जानना चाहिए कि इस क्षेत्र से मुलायम सिंह उम्मीदवार हैं। यदि उन्होंने मेरे पार्टी के कार्यकर्ता को परेशान करना बंद नहीं किया, तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
चुनाव आयोग ने मुलायम सिंह द्वारा जिलाधिकारी मिनिस्थी को धमकी दिए जाने को गंभीरता से लेते हुए राज्य चुनाव आयोग से मामले की रिपोर्ट मांगी थी। इससे पहले गत 11 मार्च को होली के दिन नोट बांटने के मामले में निर्वाचन आयोग ने उन्हें नोटिस दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications