दक्षिण अफ्रीका से जेनेरिक भारतीय दवाओं को बढ़ावा देने की अपील
डरबन, 27 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका में भारतीय उच्चायुक्त राजीव भाटिया ने अपील की है कि दक्षिण अफ्रीका को उन बड़ी दवा कंपनियों के खिलाफ भारत की मदद करनी चाहिए जो जेनेरिक दवाओं को नकली ठहराने पर तुली हुई हैं।
भाटिया ने गुरुवार को यहां डरबन-इंडिया बिजनेस समिट के दौरान प्रतिनिधियों से कहा, "पश्चिम की बड़ी दवा कंपनियां एक ऐसे एजेंडे को आगे बढ़ा रही हैं जिसमें जेनेरिक दवाओं को नकली दवाओं की सूची में डालने की बात चाही गई है।"
उन्होंने कहा कि यह निराशाजनक है कि कुछ अफ्रीकी कंपनियां भी कथित रूप से ऐसा कानून चाहती हैं जिससे जेनेरिक दवाओं पर प्रतिबंध लग जाए।
भाटिया ने कहा, "मैं आश्वस्त हूं कि दक्षिण अफ्रीका में हमारे मित्र जेनेरिक दवाओं के खिलाफ ऐसे कदमों के विरोध में हमारा साथ देंगे।" उन्होंने कहा कि दवा कंपनियों के ऐसे कदमों का लोगों की स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं पर बुरा असर पड़ेगा।
भाटिया ने कहा, "भारतीय जेनेरिक दवाएं ऑफ पेटेंट दवाओं का सस्ता रूप हैं और वे बेहतर गुणवत्ता वाली और पूरी तरह सुरक्षित होती हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications