इंडोनेशिया में बांध टूटने से 54 मरे(लीड-2)
समाचार एजेंसी डीपीए ने खबर दी है कि तेंगरेंग जिले में स्थित सीतू गिंतंग बांध गुरुवार तड़के ढह गया। जिससे भीड़भाड़ वाले रिहायशी इलाकों में पानी भर गया। इसकी वजह से बहुत से मकान डूब गए और कई ढह गए जबकि पेड़ उखड़ गए।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आपदा केंद्र के प्रमुख रुस्तम पकाया ने बताया कि 37 लोग लापता बताए जा रहे हैं जबकि 36 घायल हुए हैं। रुस्तम ने पहले इस आपदा की तुलना सुनामी से की थी।
उन्होंने बताया, "पानी उतर गया है लेकिन पूरा इलाका अभी भी कीचड़ से भरा है। इसे साफ करने में खासी मशक्कत करनी होगी।"
स्थानीय नागरिकों के अनुसार भारी बरसात संभवत: इस10 मीटर ऊंचे बांध के टूटने की वजह रही होगी। हैलीकाप्टर से ली गई टेलीविजन की तस्वीरों में बांध के निकट बड़े सुराख और भारी तबाही की तस्वीरे दिखाई गईं।
यह बांध 1933 में बनवाया गया था। उन दिनों इंडोनेशिया पर डच का कब्जा था।
माबुरी नाम के एक स्थानीय निवासी ने टेलीविजन पर बताया कि उसका मकान और फैक्ट्री बह गए। माबुरी ने बताया कि संयोग से उस समय फैक्ट्री में कोई नहीं था लेकिन दो पड़ोसियों को उन्होंने बहते देखा।
मौके पर राहत दल भेज दिए गए हैं। राष्ट्रपति युद्धोयोना ने घटनास्थल का दौरा करने के लिए अपना चुनाव अभियान स्थगित कर दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications