'बॉर्डर पर घुसपैठ में पाक का हाथ'

कुपवाड़ा मुठभेड़ के दौरान आतंकवादियों के पास से बरामद नक्शे, संचार यंत्र, असलहों व गोला-बारूद से यह साफ हो गया है कि बॉर्डर से घुसपैठ कराने में आतंकवादियों की उच्च स्तर पर मदद की गई है।
सेना का मानना है कि गर्मी शुरू होते ही घुसपैठ की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी का फायदा पाकिस्तान उठा रहा है। सेना के अधिकारियों का कहना है कि आतंकियों के पास से बरामद बंदूकों, बारूद, बूट, नक्शे, दवाएं, आदि से साफ हो गया है कि भारतीय सुरक्षा पर यह बड़ा हमला था।
लश्कर कमांडर ढेर
सेना के प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि कुपवाड़ा मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का स्वयंभू कमांडर अब्दुल्ला मारा गया है।
सेना के जवानों ने डॉसा गांव में सर्च ऑपरेशन के दौरान बुधवार रात अब्दुल्ला को मार गिराया। इसी के साथ सेना ने कुपवाड़ा मुठभेड़ खत्म होने की घोषणा भी कर दी।
पाक अधीकृत कश्मीर में शिविर संचालित
सेना प्रमुख दीपक कपूर ने नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान कहा है कि पाकिस्तान अधीकृत कश्मीर में 40 से 50 आतंकी शिविर संचालित हैं।
उन्होंने कहा कि इन शिविरों को पाकिस्तान का पूरा सहयोग मिल रहा है। सभी इस भारत में घुसपैठ की फिराक में हैं।
दीपक कपूर ने कहा कि इस्लामाबाद भले ही आतंकवादी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई के कितने ही दावे करे, लेकिन लश्कर अभी भी वहां पूरी तरह सक्रिय है।
दीपक कपूर ने यह भी मानने से इंकार नहीं किया कि कुपवाड़ा घुसपैठ में पाकिस्तानी सेना का हाथ हो सकता है। बताया जा रहा है कि कुपवाड़ा में घुसपैठ के लिए पाकिस्तानी फौज ने आतंकियों को फायरिंग कवर दिया।
गौरतलब है कि कुपवाड़ा मुठभेड़ के पहले पाकिस्तानी सेना ने उरी सेक्टर में युद्ध विराम का उल्लंघन कर सरहद पर स्थित भारतीय चौकियों पर गोलियां चलायीं थीं। इस बात का भारतीय सेना ने खुलकर विरोध किया है।


Click it and Unblock the Notifications