आंतरिक सर्वेक्षण में कांग्रेस ने पार किया 150 का आंकड़ा
कांग्रेस द्वारा हाल ही में कराए गए इस सर्वेक्षण के मुताबिक पार्टी को वाम दलों के शासन वाले पश्चिम बंगाल और केरल में जबरदस्त फायदा मिल रहा है जबकि राजस्थान, मध्यप्रदेश और उड़ीसा में भी उसके प्रदर्शन में जबरदस्त सुधार होते दिखाया गया है।
पार्टी के एक विश्वसनीय सूत्र से मिली जानकारी के मुताबिक यह सर्वेक्षण देश की सभी 543 संसदीय सीटों पर हुआ। जिस एजेंसी ने यह सर्वेक्षण किया है उसी ने मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, जम्मूृ एवं कश्मीर और मिजोरम विधानसभा चुनाव के पहले पार्टी के लिए सर्वे किया था जिसके नतीजे कमोबेश सर्वे के निष्कर्षो के अनुरूप ही थे।
पार्टी नेताओं का कहना है कि इसी सर्वे को आधार बनाकर पार्टी ने बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के सामने घुटने नहीं टेकने का फैसला किया। इस सर्वेक्षण में बताया गया है कि बिहार में राजद और झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के साथ गठबंधन से कांग्रेस को बहुत फायदा नहीं होता दिख रहा है जैसा कि वर्ष 2004 के चुनाव में हुआ था।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, "यदि 150 का आंकड़ा पार न भी कर पाए हम तो कम से कम ऐसी मजबूत स्थिति में तो जरूर रहेंगे कि अपने सहयोगियों के साथ मिलकर 272 का जादुई आंकड़ा पार कर पाए।"
उल्लेखनीय है लोकसभा के पिछले चुनाव में कांग्रेस को 145 और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 138 सीटें मिली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications