अतीक अहमद को न्यायालय ने दी नामांकन दाखिल करने की अनुमति
बहुजन समाज पार्टी(बसपा) विधायक राजूपाल की हत्या के आरोप में इलाहाबाद के नैनी जेल में निरुद्ध अतीक अहमद ने न्यायालय में याचिका दायर कर गुहार लगाई थी कि उन्हें प्रतापगढ़ लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल करने की अनुमति दी जाए।
अतीक की याचिका पर सुनवाई करते हुए गुरुवार को इलाहाबाद की गैंग्स्टर कोर्ट के विशेष न्यायाधीश एम.पी.यादव ने उन्हें नामांकन दाखिल करने की अनुमति प्रदान कर दी। न्यायालय ने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए कि वह आगामी तीस मार्च को अतीक को प्रतापगढ़ ले जाकर नामांकन की औचारिकता पूरी कराए।
इलाहाबाद की फूलपुर संसदीय सीट से मौजूदा सांसद अतीक अहमद इस बार अपना दल के टिकट पर प्रतापगढ़ संसदीय सीट से चुनाव लड़ेंगे।
परमाणु करार के मुद्दे पर सपा से बगावत कर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का साथ देते हुए अतीक ने लोकसभा में विश्वास मत के दौरान संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के खिलाफ वोट दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications