पाक में आत्मघाती विस्फोट और हवाई हमले में 14 की मौत (राउंडअप)
आत्मघाती बम विस्फोट पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के जन्डोला कस्बे के एक भीड़ भरे बाजार में सड़क किनारे स्थित रेस्टोरेंट में हुआ। माना जा रहा है कि यह दक्षिणी वजीरिस्तान में सक्रिय आतंकवादी गुटों की आपसी लड़ाई का नतीजा है।
एक खुफिया अधिकारी ने बताया, "जब आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ाया उस समय रेस्टोरेंट में तुर्किस्तान बितानी समूह के करीब 25 आतंकवादी जमा थे।"
घटना में शीर्ष तालिबान कमांडर बैतुल्लाह महसूद के विरोधी और बितानी गुट के वफादार एक कबायली नेता सहित 10 लोगों की मौत हुई और कम से कम 20 व्यक्ति घायल हुए।
यह गुट पाकिस्तान के शीर्ष तालिबान नेता बैतुल्लाह महसूद के खिलाफ संघर्ष करने वाला एक आतंकवादी संगठन है। इन संगठनों ने हाल के महीनों में जन्डोला और दक्षिणी वजीरिस्तान में एक दूसरे पर कई हमले किए हैं।
उधर गुरुवार को तड़के उत्तर वजीरिस्तान के मीर अली इलाके में एक संदिग्ध अमेरिकी ड्रॉन हमले में कम से कम चार आतंकवादियों की मौत हो गई।
अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर एक खुफिया अधिकारी ने कहा कि तालिबान समर्थक नेता मलिक गुलाब खान के घर पर दो मिसाइलों से हमला किया गया , जहां उसके मेहमान भी ठहरे हुए थे। हमले में चार लोग घायल भी हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications