अमेरिकी एजेंसी को भारत में आतंकवादी हमलों की आशंका
वाशिंगटन, 26 मार्च (आईएएनएस)। अमेरिका में रणनीतिक मामलों की विशेषज्ञ निजी एजेंसी 'स्ट्रैटफॉर' ने आशंका व्यक्त की है कि भारत में आम चुनाव के दौरान मुंबई में हुए आतंकवादी हमले जैसी वारदातें दोहराई जा सकती हैं।
स्ट्रैटफॉर का कहना है कि भले ही चुनाव के दौरान सुरक्षा कारणों से इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैचों का आयोजन देश से बाहर दक्षिण अफ्रीका में किया जा रहा है लेकिन इसके बावजूद आतंकवादी हमलों की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है।
संगठन का कहना है कि भारत पर अभी भी इस्लामी आतंकवादी हमलों के बादल मंडरा रहे हैं। उसका मानना है कि भारत की खुफिया एजेंसियों को पहले ही पता चल गया था कि आईपीएल के आयोजन पर आतंकवादी हमले किए जा सकते हैं।
आईपीएल के दक्षिण अफ्रीका में आयोजित कराने के निर्णय के बाद भले ही चुनावी कार्यक्रमों में पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों को तैनाती सुनिश्चित कर दी गई है लेकिन इसका अर्थ यह नहीं निकाला जाना चाहिए कि चुनाव के दौरान आतंकवादी हमलों की आशंका खत्म हो गई है।
स्ट्रैटफॉर का कहना है कि चुनाव कार्यक्रमों के दौरान पाकिस्तान और भारत से संचालित आतंकवादी संगठन विभिन्न दलों के नेताओं को अपना निशाना बना सकते हैं। संगठन का मानना है कि आतंकवादी सरकारी इमारतों, मतदान केंद्रों और धार्मिक स्थलों पर हमला कर सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि रणनीतिक मामलों की निजी एजेंसी स्ट्रैटफॉर की स्थापना जार्ज फ्राइडमैन ने की थी। इसे एक समय में अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए का प्रतिरूप भी माना जाता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications