'स्पाइडरमैन' ने बच्चे को बचाया

बैंकॉक के एक फ़ायरमैन ने कॉमिक चरित्र स्पाइडरमैन का रूप धरकर एक बच्चे को बचाया जो स्कूल की तीसरी मंज़िल की खिड़की पर चढ़ गया था.
थाई पुलिस का कहना है कि फ़ायरमैन ने स्पाइडरमैन का वेश बनाकर आठ साल के एक बच्चे को बचाया जो स्कूल की तीसरी मंज़िल की खिड़की पर चढ़ गया था.
यह बच्चा ऑटिस्टिक है यानी वह ऐसी बीमारी से ग्रसित है जिसे मंदबुद्धि कहा जा सकता है. इस बच्चे को पिछले ही दिनों विशेष ज़रूरतों वाले स्कूल में भर्ती कराया गया था.
पुलिस का कहना है कि बच्चे ने खिड़की पर चढ़ने के बाद रोना शुरु कर दिया और तब अध्यापिका ने फ़ायर स्टेशन को सूचना दी.
चेहरे पर मुस्कान
बताया जाता है कि यह विशेष ज़रूरतों वाले स्कूल में बच्चे का पहला दिन था और बच्चे को खिड़की से उतर कर वापस क्लास में आने के लिए तैयार करने के अध्यापिकाओं के सारे प्रयास विफल हो गए थे.
लेकिन जब उसकी माँ ने कॉमिक सुपरहीरो स्पाइडरमैन के लिए उसकी दीवानगी के बारे में बताया तो फ़ायरमैन सोमचाई यूसाबाई वापस फ़ायर स्टेशन पहुँचे जहाँ लॉकर में उन्होंने स्पाइडरमैन की पोशाक रखी हुई थी.
पुलिस का कहना है कि स्पाइडरमैन की पोशाक में फ़ायरमैन को अपने लिए एक गिलास में जूस लाते देखकर बच्चे के चेहरे पर मुस्कान आ गई और उसने तुरंत ही ख़ुद को अपने सुपरहीरो के हवाले कर दिया.
यूसाबाई आमतौर पर इस पोशाक को स्कूलों में फ़ायर ड्रिल के लिए इस्तेमाल करते हैं.


Click it and Unblock the Notifications